हल्द्वानी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में काठगोदाम स्थित इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा रमणिका जोशी ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

रमणिका ने कुल 500 अंकों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंग्रेज़ी में 100, सामाजिक विज्ञान में 99 तथा अतिरिक्त विषय इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 100 अंक हासिल किए। उनके इस उत्कृष्ट परिणाम ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

रमणिका के पिता मनमोहन जोशी, जो स्वयं इसी विद्यालय में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता हैं, और माता नीलम जोशी, जो निर्मला कॉन्वेंट विद्यालय में अध्यापिका हैं, बेटी की इस सफलता से बेहद गौरवान्वित हैं।
अपनी सफलता का श्रेय रमणिका ने अपने गुरुजनों, शिक्षकों और परिवारजनों विशेषकर दादा-दादी, माता-पिता एवं चाचा-चाची को दिया है। भविष्य की योजनाओं के बारे में उन्होंने बताया कि वह सिविल सेवाओं में जाकर समाज, खासकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहती हैं।
विद्यालय के प्रबंधक दीपक बलूटिया, डॉ. गीतिका बलूटिया, प्रधानाचार्य अनुराग माथुर एवं उप प्रधानाचार्या ममता तनेजा ने रमणिका की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।