नैनीताल: एरीज के वैज्ञानिक डॉ. संतोष जोशी को बेल्जियम की रॉयल ऑब्जर्वेटरी का प्रतिष्ठित मानद सम्मान, पहले भारतीय बने, आठ देशों के वैज्ञानिकों को किया गया सम्मानित

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल के वैज्ञानिक डॉ. संतोष जोशी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्हें रॉयल ऑब्जर्वेटरी ऑफ बेल्जियम (ROB) की ओर से प्रतिष्ठित ‘द कॉरेस्पॉन्डिंग एस्ट्रोनॉमर’ के मानद सम्मान से नवाजा गया है। इस सम्मान को प्राप्त करने वाले डॉ. जोशी पहले भारतीय वैज्ञानिक हैं।

रॉयल ऑब्जर्वेटरी ऑफ बेल्जियम की स्थापना के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 20 नवंबर 2026 को ब्रसेल्स में आयोजित विशेष समारोह में संस्थान के महानिदेशक प्रो. रोनाल्ड ए. एम. वान डर लिंडेन ने डॉ. जोशी को यह सम्मान प्रदान किया। समारोह में विभिन्न देशों के कुल आठ वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया।

डॉ. संतोष जोशी भारत-बेल्जियम खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी नेटवर्क (BINA) के सह-संस्थापक हैं। इस नेटवर्क की स्थापना का उद्देश्य भारत और बेल्जियम के बीच खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के क्षेत्र में शोध सहयोग को बढ़ावा देना और दोनों देशों में उपलब्ध खगोलीय प्रेक्षण सुविधाओं का बेहतर उपयोग करना है। वर्ष 2016 में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और बेल्जियम सरकार के बेल्जियन साइंस पॉलिसी ऑफिस (BELSPO) ने इस परियोजना को मंजूरी दी थी।

डॉ. जोशी का प्रमुख शोध क्षेत्र तारकीय भूकंप विज्ञान (एस्टेरोसीस्मोलॉजी) है। इसके तहत तारों के प्राकृतिक दोलनों का अध्ययन कर उनके आंतरिक स्वरूप, द्रव्यमान, त्रिज्या और घूर्णन गति जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की जाती हैं।

उनके शोध कार्यों में एरीज की 1.04 मीटर सम्पूर्णानंद दूरबीन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। डॉ. जोशी और उनकी टीम ने 1990 के दशक के अंतिम वर्षों में इस दूरबीन की मदद से आठ विशिष्ट तारों में तारकीय दोलनों की खोज की थी। इसके अलावा उनकी टीम ने नैनीताल-केप सर्वेक्षण के अंतर्गत HD 13038 नामक तारे का अध्ययन किया है। इस दीर्घकालिक सर्वेक्षण में एरीज और दक्षिण अफ्रीकी खगोलीय वेधशाला (SAAO) की सुविधाओं का उपयोग किया जाता है। डॉ. जोशी इस सर्वेक्षण के प्रमुख अन्वेषक भी हैं।

तारकीय दोलनों के अध्ययन में उनके योगदान और रॉयल ऑब्जर्वेटरी ऑफ बेल्जियम के साथ लंबे समय से चले आ रहे वैज्ञानिक सहयोग ने भारत-बेल्जियम के बीच शोध साझेदारी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. जोशी की इस उपलब्धि पर एरीज परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।