हल्द्वानी: राष्ट्रीय सरस मेले का आगाज, 250 स्टॉलों पर दिखा देशभर की लोक संस्कृति और उत्पादों का संगम

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

हल्द्वानी: एमबी इंटर कॉलेज मैदान में सोमवार से राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 का भव्य आगाज हो गया है। 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में देशभर की लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है। मेले में उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूह, महिला उद्यमी और स्थानीय कारोबारी अपने उत्पादों के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए गए हैं।

मेले में हस्तशिल्प, हैंडीक्राफ्ट, ऑर्गेनिक उत्पादों और पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी के साथ बिक्री भी की जा रही है। सरस मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। इसके जरिए महिला उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।

इस बार मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कई खास आकर्षण भी शामिल किए गए हैं। इनमें ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ कॉमेडी शो और ‘लखपति दीदी फैशन शो’ प्रमुख हैं। इसके अलावा प्रतिदिन सीसीएल कैंप, वर्कशॉप और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि मेले में प्रतिभाग करने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के रहने और भोजन की व्यवस्था निःशुल्क की गई है।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि सरस मेले के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ उनकी बिक्री का बड़ा मंच मिल रहा है। यह मेला महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कुल मिलाकर हल्द्वानी में शुरू हुआ राष्ट्रीय सरस मेला न केवल देश की विविध लोक संस्कृतियों और पारंपरिक उत्पादों का संगम बनेगा, बल्कि महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करेगा। 3 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में शहरवासियों को खरीदारी के साथ देशभर की सांस्कृतिक विविधता देखने का मौका मिलेगा।