हल्द्वानी: छठे स्व. जसवंत सिंह होलकर इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, ऑरम और सिंथिया स्कूल बने चैंपियन

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

हल्द्वानी। दमुवाढूंगा स्थित क्वींस पब्लिक स्कूल में आयोजित छठे स्वर्गीय जसवंत सिंह होलकर इंटर स्कूल बालक एवं बालिका फुटबॉल टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी भुवन जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबलों में पहुंची सभी टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान भुवन जोशी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में ऑरम स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि महर्षि विद्या मंदिर उपविजेता रहा। वहीं बालिका वर्ग में सिंथिया स्कूल ने खिताब जीता और क्वींस पब्लिक स्कूल को उपविजेता घोषित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और फुटबॉल के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर टूर्नामेंट अध्यक्ष आर.पी. सिंह, सचिव विक्रम सिंह मार्की, कोच सूरज गोस्वामी सहित आयोजन से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।