कृष्ण दास जी से मिले कार्तिक पालीवाल, साझा की आध्यात्मिक मुलाकात की तस्वीर

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

नीम करौली बाबा के प्रति भक्ति और आस्था का दिखा अनूठा संगम, कार्तिक ने लिखा- कुछ पल हमेशा के लिए आपके साथ रह जाते हैं।

विश्व प्रसिद्ध कीर्तन गायक और ग्रैमी-नामांकित आध्यात्मिक संगीतकार कृष्ण दास जी से युवा सांस्कृतिक एवं सामाजिक शख्सियत कार्तिक पालीवाल ने आत्मीय मुलाकात की। कृष्ण दास जी के भारत प्रवास के दौरान हुई इस खास भेंट की तस्वीर कार्तिक पालीवाल ने सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसे श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों के बीच खूब पसंद किया जा रहा है।

कृष्ण दास जी का उत्तराखंड के कैंची धाम स्थित नीम करौली बाबा (महाराज-जी) से गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। वह अपने भक्ति संगीत और भावपूर्ण कीर्तनों के माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला चुके हैं। उनकी गायकी में हनुमान भक्ति और महाराज-जी के प्रति समर्पण की झलक देखने को मिलती है।

इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए कार्तिक पालीवाल ने लिखा, “कुछ पल हमेशा के लिए आपके साथ रह जाते हैं—शुद्ध शांति, भक्ति और कृपा। जिनकी आवाज में महाराज-जी की भक्ति और सुकून बसा है, कृष्ण दास जी के साथ एक बेहद यादगार मुलाकात। इस फ्रेम को साझा कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूं।”

कार्तिक पालीवाल ने इस मुलाकात को अपने लिए अविस्मरणीय और प्रेरणादायी पल बताया। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। प्रशंसक इस भेंट को आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक जुड़ाव का सुंदर संगम बता रहे हैं।