रामनगर। रामनगर विधानसभा सीट पर वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में राहुल सिंह दरम्वाल ने रामनगर विधानसभा क्षेत्र में अपना जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह उन्होंने छोई स्थित प्रसिद्ध हनुमान धाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों की संख्या में युवा मौजूद रहे।

हनुमान धाम में दर्शन के बाद राहुल सिंह दरम्वाल ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर जनसंपर्क किया और आगामी विधानसभा चुनाव में अपने समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि रामनगर विधानसभा क्षेत्र को ऐसे जनप्रतिनिधि की जरूरत है, जो जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहे और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करे।
दरम्वाल ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता के माध्यम से समाज की समस्याओं को उठाते रहे हैं और उनके समाधान के लिए प्रयास करते रहे हैं। अब उन्होंने नेशनल मीडिया को अलविदा कहकर पूर्णकालिक रूप से समाज सेवा करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि रामनगर क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। रामनगर के सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी अधिकारियों और संबंधित विभागों से लगातार वार्ता की जा रही है। इसके अलावा वन ग्रामों की समस्याओं, सिंचाई नहरों की व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी काम करने की बात कही।
राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों और इंसानों के बीच संघर्ष कम करना, आवारा पशुओं से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान पर रोक लगाना और पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बेहतर शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की बात भी कही। साथ ही रामनगर विधानसभा क्षेत्र को अपराध और नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प जताया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी देखने को मिली। हनुमान धाम में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए इस अभियान को राहुल सिंह दरम्वाल की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

