ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय के लॉ इंस्टीट्यूट में मनाया गया संविधान दिवस, छात्रों को बताए संवैधानिक मूल्यों के महत्व

नैनीताल। डॉ. राजेंद्र प्रसाद लॉ इंस्टीट्यूट, कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और संस्थान के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुरेश चंद्र पांडे ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेरा युवा भारत नैनीताल की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. डॉली तेवतिया मौजूद रहीं, जबकि मुख्य वक्ता डॉ. विमलेंद्र रंजन ने विधि के विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता और उसके नैतिक मूल्यों की विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संविधान में निहित आदर्शों, मौलिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में संविधान के प्रति जागरूकता और उसके मूल्यों का पालन बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में यूथ आइकॉन कार्तिकेय ने युवा भारत एवं नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्थान की ओर से डॉ. सागर पटनी ने उपस्थित सभी लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में डॉ. भरत कुमार, डॉ. एस. गोसाई, डॉ. इंद्र प्रसाद, डॉ. सरिता कैरा, डॉ. कविता, डॉ. शशि प्रभा, अविनाश जाटव, विभोर तिवारी, मेघा कायल, लैबा अहमद और प्रदीप चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।