देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित जोशी ने कांग्रेस में घर वापसी कर ली है। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद अमित जोशी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य की स्थापना जिन आंदोलनकारियों के सपनों और आकांक्षाओं को लेकर हुई थी, उन सपनों का प्रदेश बनाने के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश को विकास और जनहित की राह पर आगे ले जाने में कांग्रेस ही सक्षम है।
अमित जोशी ने कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कांग्रेस की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। विशेष रूप से अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में अल्मोड़ा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देगी, एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में उसका निर्वहन करेंगे।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने अमित जोशी का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अमित जोशी ने कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि वह जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

