
हल्द्वानी: उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों के दायित्वों में बड़ा फेरबदल करते हुए स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के तहत नैनीताल, अल्मोड़ा, देहरादून और हरिद्वार के अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को जिलाधिकारी पद से हटाकर शासन में अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा, अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग निधि यादव को खेल एवं युवा कल्याण विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह को जिलाधिकारी अल्मोड़ा बनाया गया है।
अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, देहरादून में तैनात अपर जिलाधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा को हरिद्वार का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। हरिद्वार के अपर मेलाधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जबकि हरिद्वार के अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।शासन की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

