
नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल में हिमालयन स्कूल फॉर ट्रेनिंग इन एस्ट्रोनॉमी रिसर्च (HiSTAR-2026) का पांच दिवसीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 23 से 27 नवंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत और नेपाल के विभिन्न महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं शोध संस्थानों से करीब 30 शोधार्थियों और युवा वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिमालयी और आसपास के उत्तरी भारतीय क्षेत्रों के युवा शोधार्थियों को प्रेक्षणात्मक खगोल विज्ञान की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना था। इस दौरान एरीज और पुणे स्थित आयुका (IUCAA) के वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों ने प्रतिभागियों को व्याख्यान, प्रयोगात्मक सत्र, खगोलीय प्रेक्षण और डेटा विश्लेषण का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने एरीज की 1.04 मीटर सम्पूर्णानंद दूरबीन से रात्रिकालीन खगोलीय अवलोकन किए। इसके अलावा देवस्थल वेधशाला का भ्रमण कर उन्हें भारत की सबसे बड़ी प्रकाशीय दूरबीन 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DOT), 4 मीटर इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप (ILMT) और 1.3 मीटर देवस्थल फास्ट ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DFOT) जैसी अत्याधुनिक प्रेक्षण सुविधाओं की जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन एरीज और पुणे स्थित अंतर-विश्वविद्यालय केंद्र खगोलविज्ञान एवं खगोलभौतिकी (आयुका) की ओर से किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एरीज से डॉ. जीवन पांडेय और डॉ. नीलम पंवार, आयुका से डॉ. अनुपम भारद्वाज तथा हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय से प्रो. हुम चंद रहे।
इस अवसर पर एरीज के निदेशक डॉ. मनीष कुमार नजा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें खगोल विज्ञान के क्षेत्र में शोध और नवाचार के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों के अनुसार, HiSTAR जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से हिमालयी क्षेत्र के युवा शोधकर्ताओं को राष्ट्रीय स्तर की खगोलीय प्रेक्षण सुविधाओं के उपयोग का व्यावहारिक अनुभव मिलता है। इससे भविष्य में नए शोध कार्यक्रम विकसित करने और देश में प्रेक्षणात्मक खगोल विज्ञान के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।

