
नैनीताल। नैनीताल जिले के भवाली में 200 बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। भवाली स्थित सैनिटोरियम परिसर को आधुनिक मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। अस्पताल निर्माण के लिए करीब 250 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। परियोजना की डीपीआर भी तैयार कर ली गई है और भूमि सर्वेक्षण में सैनिटोरियम परिसर को अस्पताल निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।
दरअसल, प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने भवाली में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से ही यह पूरी परियोजना न्यायालय की निगरानी में आगे बढ़ रही है।
न्यायालय में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने जानकारी दी कि भवाली सैनिटोरियम को मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर 250 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। सुनवाई के दौरान नैनीताल के बीडी पांडे और रामसे अस्पताल की व्यवस्थाओं की स्थिति भी न्यायालय के समक्ष रखी गई।
वहीं, भाजपा नेता हेम चंद्र आर्य ने इस परियोजना को अपने आठ साल के संघर्ष का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में उन्होंने भवाली सैनिटोरियम अस्पताल को विकसित करने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया था। लंबे संघर्ष के बाद अब यह मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल बनने से कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी और इलाज के लिए हल्द्वानी, ऋषिकेश और दिल्ली की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
गौरतलब है कि नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में 200 बेड स्वीकृत होने के बावजूद वर्तमान में केवल 120 बेड ही संचालित हो पा रहे हैं। वहीं रामसे अस्पताल में महज 10 बेड क्रियाशील हैं। बीडी पांडे अस्पताल का मौजूदा परिसर शहर के घने और संकरे क्षेत्र में होने के कारण इसके विस्तार में भी कई चुनौतियां हैं। ऐसे में भवाली में प्रस्तावित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए बड़ी स्वास्थ्य सुविधा साबित हो सकता है।
फिलहाल, उच्च न्यायालय के निर्देशों और शासन को भेजे गए 250 करोड़ रुपये के प्रस्ताव के बाद अब सभी की निगाहें सरकार की मंजूरी पर टिकी हैं। बजट स्वीकृत होने के बाद ही अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

