कौसानी होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, गजेंद्र मेहरा बने अध्यक्ष

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

कौसानी: प्रकृति के सुकुमार कवि पंडित सुमित्रानंदन पंत की जन्मभूमि और हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कौसानी में पर्यटन विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से कौसानी होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। यह चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से गजेंद्र मेहरा को अध्यक्ष चुना गया।


चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। नई कार्यकारिणी इस प्रकार है—
अध्यक्ष: गजेंद्र मेहरा,
उपाध्यक्ष: विनय तिवारी,
सचिव: हरेंद्र चिलवाल,
उपसचिव: सुमित नेगी,
कोषाध्यक्ष: आर.सी. चौधरी।
वहीं संरक्षक मंडल में मनोज अरोड़ा, बलवंत नेगी, मनोज पांडेय और बी.डी. जोशी को शामिल किया गया है।


इस अवसर पर एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष बलवंत नेगी ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने करीब 15 वर्षों तक संगठन का नेतृत्व किया है। वर्तमान में जिला पंचायत और जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष जैसे दायित्वों के चलते समयाभाव के कारण उन्होंने नेतृत्व नई टीम को सौंपने का निर्णय लिया है। वे अब संरक्षक के रूप में संगठन को मार्गदर्शन देते रहेंगे।


नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कौसानी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए ‘कनेक्ट कौसानी’ जैसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा और होटल व्यवसायियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
वहीं सचिव हरेंद्र चिलवाल ने कौसानी की ब्रांडिंग को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ले जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कौसानी को वैश्विक पहचान दिलाई जाएगी। उपसचिव सुमित नेगी ने युवाओं की सोच और नवाचार के साथ पर्यटन को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई, जबकि उपाध्यक्ष विनय तिवारी ने कौसानी पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया। कोषाध्यक्ष आर.सी. चौधरी ने संगठन के वित्तीय प्रबंधन को पूरी तरह पारदर्शी रखने का भरोसा दिलाया। नई कार्यकारिणी ने सामूहिक प्रयासों और स्थानीय सहयोग से कौसानी को देश के शीर्ष पर्यटन स्थलों में शामिल करने का संकल्प लिया है।