हल्द्वानी: MBPG के पूर्व प्राध्यापक डॉ. सन्तोष मिश्र की मां कमला मिश्र का देहदान, मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ को मिली पहली महिला देह

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज के पूर्व प्राध्यापक डॉ. सन्तोष मिश्र की माता कमला मिश्र का पार्थिव शरीर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ चिकित्सा शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया गया। डॉ. सन्तोष मिश्र और उनके परिवार द्वारा पूर्व में देहदान का संकल्प लेते हुए मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के साथ-साथ गृह जनपद प्रतापगढ़ स्थित डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज में भी देहदान संबंधी शपथ पत्र जमा किया गया था।

रविवार को 80 वर्ष की आयु में कमला मिश्र के निधन के उपरांत उनका पार्थिव शरीर डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज, प्रतापगढ़ को सौंपा गया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर एवं देहदान अभियान की संयोजक डॉ. आकांक्षा सिंह ने मिश्र परिवार के इस निर्णय की सराहना करते हुए आमजन से देहदान का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देहदान से मेडिकल विद्यार्थियों को सैद्धांतिक के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त होता है, जिससे वे भविष्य में कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा कर सकें।

डॉ. आकांक्षा सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ में अब तक पुरुष देह उपलब्ध थीं, लेकिन महिला देह के अभाव में विद्यार्थियों को शिक्षण में कठिनाई हो रही थी। कमला मिश्र के देहदान से कॉलेज को पहली महिला देह प्राप्त हुई है, जिससे यूजी व पीजी पाठ्यक्रमों के शिक्षण में विशेष सहायता मिलेगी। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने कमला मिश्र के पति श्री निवास मिश्र को देहदान प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि कई सामाजिक और मानवतावादी अभियानों की शुरुआत करने वाले डॉ. सन्तोष मिश्र पिछले पंद्रह वर्षों से नेत्रदान और देहदान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। युग दधीचि देहदान अभियान के प्रमुख मनोज सेंगर ने भी मानवता प्रेमियों से रक्तदान, नेत्रदान और देहदान के लिए आगे आने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में डॉ. रश्मि यादव, राजकुमार मिश्र, अतुल खंडेलवाल, सुनील मिश्र, अंबुज तिवारी, रमेश मिश्र, धनंजय मिश्र, विपिन मिश्र, संदीप त्रिपाठी, कैलाशनाथ मिश्र, गौरव मिश्र, सौरभ मिश्र, आचार्य डॉ. राजाराम मिश्र, रामराज तिवारी, श्रद्धानंद मिश्र सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।