हल्द्वानी: गणतंत्र दिवस के पावन पर्व से पूर्व संघर्ष सेवा सहयोग समिति के सदस्यों ने राष्ट्रभक्ति का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। “स्वच्छ भारत–समृद्ध गणतंत्र” के ध्येय वाक्य के साथ समिति द्वारा शहीद मेजर श्री चंद्रशेखर मिश्र पार्क में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया।
सुबह से ही समिति के कार्यकर्ता जोश और उत्साह के साथ हाथों में झाड़ू और डस्टबिन लेकर अभियान में जुट गए। इस दौरान पार्क परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़ा-कचरा हटाया गया, साथ ही सार्वजनिक दीवारों पर लगे अनावश्यक पोस्टरों को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर स्वरूप प्रदान किया गया।

संस्था के पदाधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष योगिता बनौला ने कहा कि “हमारा गणतंत्र तभी पूर्ण होगा जब हमारा परिवेश स्वच्छ और स्वस्थ होगा। यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है।”
इस पुनीत कार्य में समिति की अध्यक्ष योगिता बनौला सहित भावना शाह कुमुद, मनीष पंत, मृदुला मनराल, सरोज बिष्ट, भावना पांडेय, आयुष नागर, हिना बिष्ट, किरन टम्टा, बसंती मेहरा, श्रीमती हंसा देवी, मुन्नी बिष्ट, अंजू जोशी, मीना गोस्वामी, दीपा उप्रेती सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।