देहरादून: बदरीनाथ-केदारनाथ में गैर हिंदुओं पर लग सकता है प्रतिबंध, समिति की बैठक में आएगा प्रस्ताव

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के प्रमुख धामों बदरीनाथ और केदारनाथ में गैर हिंदुओं के प्रवेश अथवा कार्य को लेकर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव जल्द सामने आ सकता है। इस संबंध में बद्री-केदार मंदिर समिति की आगामी बैठक में औपचारिक प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी है।

बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि देवभूमि के मंदिरों की धार्मिक मर्यादा और परंपराओं को बनाए रखने के लिए गैर हिंदुओं पर प्रतिबंध लगना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर समिति स्तर पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और बैठक में प्रस्ताव रखकर निर्णय लिया जाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मुद्दे पर अपनी सहमति जताते हुए कहा कि यदि मंदिर समितियां अपने स्तर पर ऐसा निर्णय लेती हैं, तो राज्य सरकार उस पर पूरी तरह से अमल करेगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद इस प्रस्ताव को लेकर प्रदेशभर में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजरें बद्री-केदार मंदिर समिति की बैठक पर टिकी हैं, जहां इस महत्वपूर्ण विषय पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।