हल्द्वानी: युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचार अपनाने चाहिए : डॉ. चंद्र प्रकाश तिवारी

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

हल्द्वानी: मोतीराम बाबूराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में समन्वय पुरातन छात्र समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में चंद्र प्रकाश तिवारी ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा और “स्वामी विवेकानंद प्रेरणा पार्क” का अनावरण किया गया। समिति की सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. चंद्र प्रकाश तिवारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से विवेकानंद के विचारों को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने स्वामी विवेकानंद की विचारधारा को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि सुमित हृदयेश ने कहा कि वैश्विक तनाव के इस दौर में विवेकानंद का जीवन दर्शन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन.एस. बनकोटी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, योग विभाग और संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।