हल्द्वानी: पहली ही कोशिश में UGC-NET में शानदार सफलता, अधिवक्ता शिवानी पुजारी ने बढ़ाया काठगोदाम का मान

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

काठगोदाम, नैनीताल। काठगोदाम निवासी अधिवक्ता शिवानी पुजारी ने UGC-NET जून 2026 की परीक्षा में विधि (Law) विषय से शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से जारी स्कोरकार्ड के अनुसार शिवानी पुजारी ने विधि विषय में 300 में से 182 अंक हासिल किए और 97.69 परसेंटाइल प्राप्त किया। उन्होंने Assistant Professor एवं Ph.D. में प्रवेश के लिए UGC-NET परीक्षा उत्तीर्ण की है। विधि विषय में देशभर से 25,619 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।

शिवानी पुजारी वर्ष 2022 से अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रही हैं और मुख्य रूप से उत्तराखंड उच्च न्यायालय में विधि व्यवसाय से जुड़ी हैं। अधिवक्ता के रूप में कार्य करने के साथ उन्होंने अपनी एलएलएम की पढ़ाई भी पूरी की। एलएलएम के अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत रहते हुए उन्होंने UGC-NET की परीक्षा दी और अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की।

अपनी उपलब्धि पर शिवानी पुजारी ने इसे खुशी और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन और मित्रों के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और शुभचिंतकों ने हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया और कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिवानी की सफलता पर उनके परिवारजनों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधि व्यवसाय के साथ अकादमिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में UGC-NET में पहली ही कोशिश में मिली यह सफलता शिवानी पुजारी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।