हल्द्वानी। बाबा श्री नीब करौरी महाराज के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड सरकार द्वारा टैक्स-फ्री किए जाने पर शिवाया फिल्म प्रोडक्शन के निर्माता-निर्देशक एवं राष्ट्रीय युवा हिन्दू वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव महेंद्र नागर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।

महेंद्र नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा फिल्म को टैक्स-फ्री करना केवल एक फिल्म को राहत देना नहीं है, बल्कि कैंची धाम की आध्यात्मिक विरासत और बाबा नीब करौरी महाराज के करोड़ों भक्तों की आस्था का सम्मान है।
नागर के मुताबिक, फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बाबा के संदेश प्रेम, सेवा और विनम्रता को केंद्र में रखकर फिल्म का निर्माण किया। उन्होंने दावा किया कि करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म ने शुरुआती दौर में अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन बाद में माउथ पब्लिसिटी और दर्शकों के समर्थन से फिल्म ने रफ्तार पकड़ी।
उन्होंने फिल्म की सफलता का श्रेय बाबा की कृपा और दर्शकों के प्रेम को देते हुए पूरी टीम को बधाई दी। नागर ने फिल्म में बाबा की भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्या सहित अन्य कलाकारों और फिल्म से जुड़े निर्माताओं की भी सराहना की।
महेंद्र नागर ने बाबा नीब करौरी महाराज से प्रार्थना करते हुए फिल्म के 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि ‘हनुमान अंश’ को पूरे देश में टैक्स-फ्री किया जाए, ताकि बाबा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।