नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में जलजनित बीमारी से बिगड़ रहे हालात के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता हेम आर्य ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हेम आर्य ने कहा कि दूषित पानी के कारण क्षेत्र में तीन लोगों की मौत होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मृतकों के घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री और सांसद अजय भट्ट से वार्ता कर प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग रखेंगे।

इस दौरान हेम आर्य ने क्षेत्र में चल रहे धरना-प्रदर्शन में भी भाग लेकर अपना समर्थन दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता कर नया पानी का टैंक स्थापित कराने और प्रभावित लोगों के समुचित उपचार की मांग रखी जाएगी।

वहीं, हेम आर्य ने जल संस्थान के अधिकारियों से भी वार्ता की और क्षेत्र में खराब पेयजल लाइनों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। जल संस्थान के अधिकारी गाड़िया ने बताया कि बुधवार को क्षेत्र की सभी पेयजल लाइनों का निरीक्षण किया जाएगा और खराब लाइनों को तत्काल बदलने की कार्रवाई की जाएगी।