हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर के हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट विभाग की ओर से ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स: करियर, सरकारी अवसर और उद्यमिता’ विषय पर विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कॉन्फ्लुएंस हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को होटल उद्योग से इतर करियर की संभावनाओं, सरकारी क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्थापक अधिकारी चन्द्र शेखर लिंगवाल मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पारंपरिक होटल मैनेजमेंट से आगे बढ़कर करियर के नए विकल्प तलाशने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में सरकारी नौकरियों, प्रशासनिक भूमिकाओं और अपना व्यवसाय शुरू करने की रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के तहत छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। मैथ्यू टेसेरे (Mathieu Teisseire) ब्रांड और पंकज ढोबाल के सहयोग से आयोजित बेवरेज मास्टरक्लास में छात्रों ने आधुनिक मिक्सोलॉजी की बारीकियां सीखीं। वहीं, जीवन भट्ट के नेतृत्व में हिम्मालेह स्पिरिट्स (Himmaleh Spirits) की ओर से ब्रांड ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को बेवरेज उद्योग और ब्रांड प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट का क्षेत्र अब केवल होटलों तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रूज, एयरलाइंस, इवेंट मैनेजमेंट, सरकारी संस्थानों और स्वरोजगार सहित कई क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ उद्योग की वास्तविक जरूरतों, नेतृत्व क्षमता और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
डॉ. लोहानी ने कहा कि अनुभवी सरकारी अधिकारियों और उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन छात्रों को नए अवसरों को समझने तथा अपने करियर की बेहतर योजना बनाने में मदद करता है।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वक्ता से सीधे संवाद कर अपने करियर और भविष्य से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में अतिथि का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट विभाग के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

