हल्द्वानी: लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद उत्तराखंड के बड़े शहर हल्द्वानी में भी मंगलवार को एक बड़ी अग्निकांड की घटना सामने आई। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हीरानगर स्थित एक निजी स्कूल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल परिसर में खड़ी दो बसें उसकी चपेट में आ गईं, जो पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने में हुई देरी के चलते दोनों बसों को बचाया नहीं जा सका।

मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसपी क्राइम जगदीश चंद्र भी पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि स्कूल की दो बसें पूरी तरह जल चुकी हैं तथा अन्य नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

वहीं, एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग किन कारणों से लगी, इसकी जांच की जाएगी। साथ ही संबंधित संस्थान का सेफ्टी ऑडिट भी कराया जाएगा।

गौरतलब है कि लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं के बावजूद कई स्कूलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जो चिंता का विषय बना हुआ है।