दिल्ली: हल्द्वानी के लक्की बिष्ट को मिला प्रतिष्ठित सम्मान, उत्तराखंड का बढ़ाया मान

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी लकी बिष्ट को देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान उनकी उपलब्धियों और देश-दुनिया में लोगों को प्रेरित करने वाले योगदान के लिए प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।

समारोह में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के. जी. बालाकृष्णन, मद्रास उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश टंडन और गृह मंत्रालय के अंतर्गत इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के उप सचिव सी. बी. तिवारी सहित कई वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लकी बिष्ट अपनी कार्यशैली, अनुभव और विषयों की गहरी जानकारी के जरिए देश और विदेश में युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने अपने अनुभव और मेहनत के दम पर विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाई है। इसके साथ ही वह बॉलीवुड में लेखक के रूप में भी अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहे हैं।

हल्द्वानी से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले लकी बिष्ट की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और प्रदेश के लोगों के लिए गर्व का विषय है।