
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा उत्तराखंड से दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर अखिल भारतीय पंचायत परिषद के राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र नागर ने खुशी जताते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
महेंद्र नागर ने कहा कि दिनेश आर्य का चयन उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण है। लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े आर्य ने विभिन्न स्तरों पर संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाई है। वह पूर्व में भाजपा के नैनीताल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री के साथ राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
नागर ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र से जुड़े होने के कारण दिनेश आर्य को पर्वतीय क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं और जरूरतों की अच्छी समझ है। उत्तराखंड में पेयजल, ग्रामीण विकास, सड़क, रोजगार, पर्यटन, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषय महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में राज्यसभा में उनका अनुभव प्रदेश के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने में उपयोगी साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास और पंचायती राज से जुड़े विषयों को भी राज्यसभा में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ग्राम पंचायतों को पर्याप्त अधिकार और संसाधन उपलब्ध कराने, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में मजबूत आवाज की जरूरत है।
महेंद्र नागर ने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य राज्यसभा में उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों, पर्वतीय अंचलों, किसानों, युवाओं और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी दिनेश आर्य के लिए एक नई भूमिका के साथ-साथ उत्तराखंड की आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर भी है।
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए नागर ने कहा कि दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में उत्साह है। उन्होंने विश्वास जताया कि आर्य अपने लंबे संगठनात्मक और सार्वजनिक जीवन के अनुभव का उपयोग प्रदेश हित में करेंगे।
दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर पंचायत परिषद के देव तिवारी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दीपक रूवाली, पूर्व छात्र संघ कोषाध्यक्ष संदीप कुकसाल, गौरव गोस्वामी, छात्र नेता योगेंद्र बिष्ट, कैलाश खोलिया, प्रभाकर जोशी, ऋषभ तिवारी, संजय राजौर, गुड्डू अधिकारी, कुबेर राज नागर, हरीश पड़ियार, सक्षम सक्सेना और योगेश दानी समेत कई लोगों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

