हल्द्वानी: 2 अक्टूबर को सजेगा संगीत और कला का मंच, युवा प्रतिभाओं को मिलेगा हुनर दिखाने का मौका

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

हल्द्वानी। काफल ट्री फाउंडेशन और रामोलिया हाउस की ओर से शहर में युवा कलाकारों और संगीत प्रतिभाओं को मंच देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 2 अक्टूबर 2026 को नैनीताल रोड स्थित Maison Square, मैकडोनाल्ड्स के पास संगीत और कला से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

कार्यक्रम के तहत ‘Himalayan Dreamnote – Battle of the Bands’ का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इसमें उत्तराखंड के विभिन्न स्कूलों के युवा संगीतकार और बैंड हिस्सा लेंगे। वहीं ‘Colours of Hope’ नाम से समूह चित्रकला प्रदर्शनी 2 से 4 अक्टूबर तक सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। इसमें उत्तराखंड के दरमा, व्यास और चौदास घाटी के ‘RUNG’ समुदाय से जुड़े युवा कलाकार अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित करेंगे।

इसके अलावा 2 अक्टूबर की शाम 5 बजे से ‘The Weekend Plan’ और ‘Slaves of Rock’ जैसे दो रॉक बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य युवा कलाकारों और संगीतकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना और कला-संगीत के प्रति युवाओं की रुचि को बढ़ावा देना है।

आयोजकों ने लोगों से परिवार और दोस्तों के साथ कार्यक्रम में पहुंचकर युवा प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। कार्यक्रम के संयोजक सुधीर कुमार हैं।