
हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर, नैनीताल के जंतु विज्ञान विभाग की शोध छात्रा स्वाती जोशी को 15वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन कृषि, बागवानी और वानिकी के क्षेत्र में जलवायु-प्रतिरोधी फसल प्रणालियों के लिए नवाचार विषय पर आयोजित किया गया था।
सम्मेलन का आयोजन सोसाइटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड बायोलॉजिकल साइंस रिसर्च (एसएबीएसआर), नई दिल्ली सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के सहयोग से किया गया। इसमें श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, देहरादून, वीसीएसजी उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार, आईसीएआर-आईआईएसडब्ल्यूसी, देहरादून और राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य संस्थान शामिल रहे।
स्वाती जोशी ने सम्मेलन में मीठे पानी के जलाशयों में बीमार मछलियों में पाए जाने वाले बैक्टीरिया की पहचान और उनके पृथक्करण से संबंधित अपना शोध प्रस्तुत किया। उनकी इस शोध प्रस्तुति को सराहना मिली और उन्हें यंग साइंटिस्ट अवार्ड प्रदान किया गया।
हल्द्वानी निवासी स्वाती, जीवन चंद्र जोशी और बीना जोशी की पुत्री हैं। वह डीएसबी परिसर के जंतु विज्ञान विभाग में शोध कार्य कर रही हैं। उनका शोध प्रो. हरीश चंद्र सिंह बिष्ट और प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में चल रहा है।
स्वाती की इस उपलब्धि पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. दीवान सिंह रावत, कुलसचिव डॉ. रितेश शाह, डीन शिक्षा प्रो. ललित तिवारी, परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत, डीएसडब्ल्यू प्रो. चंद्रकला रावत, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष मनोज कुमार आर्य, प्रो. दीपिका गोस्वामी, डॉ. महेंद्र सिंह राणा, डॉ. विजय कुमार, डॉ. हिमांशु लोहानी, डॉ. दीपक मेलकानी, डॉ. उज्मा सिद्दीकी, डॉ. हेम चंद्र जोशी, विवेक और सरिता सहित अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

