हल्द्वानी: काफल ट्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 4 जुलाई से 18 जुलाई तक थियेटर एवं अभिनय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। सरस बाजार स्थित रमोलिया हाउस में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का संचालन भारतेंदु नाट्य अकादमी से प्रशिक्षित रंगकर्मी ज्योति पाण्डेय करेंगी।
रमोलिया हाउस के संस्थापक सुधीर कुमार ने बताया कि कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अभिनय की बारीकियों के साथ स्टैनिस्लावस्की और माइसनर तकनीक से परिचित कराया जाएगा। विभिन्न गतिविधियों और दृश्यों के विश्लेषण के माध्यम से मंच पर सहज संवाद अदायगी और भावनाओं को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही यह कार्यशाला प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को निखारने में भी सहायक होगी।

‘डोंट शो द इमोशन, लिव द सिचुएशन’ नाम से आयोजित इस कार्यशाला का संयोजन हल्द्वानी के रंगकर्मी अंकित चौधरी करेंगे। अंकित चौधरी ने ज्योति पाण्डेय के पिछले एक दशक के रंगमंचीय कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि उन्होंने देश के विभिन्न शहरों में आयोजित 30 नाटकों में अभिनय और पांच नाटकों का निर्देशन किया है।
ज्योति पाण्डेय ने प्रतिष्ठित रंगकर्मी बंसी कौल और राजीव वर्मा के साथ काम करने के अलावा बीएनए रंगमंडल तथा भोपाल और जबलपुर के विभिन्न रंगमंचीय समूहों के साथ भी अपनी कला का प्रदर्शन किया है।
कार्यशाला में भाग लेने के इच्छुक सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी रमोलिया हाउस में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। काफल ट्री फाउंडेशन समय-समय पर विभिन्न कला विधाओं से संबंधित आयोजनों का आयोजन करता रहा है।