देहरादून: उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को पांवटा साहिब गुरुद्वारे में हुई अहम वार्ता में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की भूमिका खास तौर पर चर्चा में रही।

पूर्व पीसीएस अधिकारी हरबीर सिंह ने प्रशासन और निहंग सिखों के बीच संवाद स्थापित कराने में उन्होंने महत्वपूर्ण सेतु का कार्य किया, जिससे बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में आगे बढ़ सकी।

करीब तीन घंटे चली इस बैठक में उत्तराखंड प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी देहरादून, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल, एडीएम वित्त, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार, एसपी अल्मोड़ा हरवंश सिंह, एसपी देहात पंकज गेरोला समेत पूर्व पीसीएस अधिकारी हरबीर सिंह मौजूद रहे।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं और समाधान की दिशा में सकारात्मक चर्चा हुई। वार्ता के बाद निहंग सिखों ने बताया कि उत्तराखंड शासन ने उनकी मांगों पर विचार के लिए दो दिन का समय मांगा है। प्रशासन के आश्वासन के बाद उन्होंने फिलहाल पांवटा साहिब गुरुद्वारे में ही रुकने का निर्णय लिया है।

प्रशासन ने घायल निहंग के इलाज की जिम्मेदारी लेने, प्रतिनिधिमंडल को अस्पताल में मुलाकात कराने तथा हिरासत में मौजूद चार निहंग से वार्ता कराने का भी भरोसा दिया है। इस बीच पांवटा-कुल्हाल चेकपोस्ट भी खोल दी गई है और प्रशासन ने क्षेत्र में स्थिति सामान्य व शांतिपूर्ण होने की बात कही है। सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।