कुमाऊँ में मानकों के विपरीत चल रहे 133 होटल, पुलिस ने 7243 होटल कर्मियों का किया सत्यापन…

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

नैनीताल। राज्य में अंकिता हत्याकांड के बाद मानकों के विरुद्ध चल रहे होटल और रिजॉर्ट स्वामियों के खिलाफ सरकार ने प्रशासन को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही होटल एवं रिजॉर्ट में कर्मचारियों का सत्यापन करने की कार्रवाई की जा रही है। बीते एक सप्ताह में अभी तक कुमाऊं में मंडल पुलिस ने 1495 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 96 होटल, 19 रिजॉर्ट, 14 होमस्टे और चार स्पा सेंटर समेंत कुल 133 के विरुद्ध कार्रवाई की है।

अभी तक कुमाऊं मंडल पुलिस ने 133 होटल और रिजार्ट संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। साथ ही अभियान चलाकर 7243 कर्मचारियों का सत्यापन कराया गया है। डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि अंकिता हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री के निर्देशों पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों की ओर से निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं। मंडल के कप्तानों को अलर्ट मोड पर कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है। जिसके तहत मानकों के विपरित चल रहे होटल और रिजार्ट संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा है। बताया कि अभी तक मंडल पुलिस ने 1495 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया है।

जिसमें 52 का 83 पुलिस एक्ट, 26 का 81 पुलिस एक्ट, 58 को नोटिस देने के साथ ही आठ होटल सील कर 1.44 लाख की चालानी कार्रवाई की गई है। बताया कि मंडल के छह जिलों में 1024 होटल, 253 रिजार्ट, 793 होमस्टे और 46 स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिनमें 9444 कर्मचारी कार्यरत हैं। पुलिस ने अभियान चलाकर 7243 कर्मचारियों का सत्यापन करवाया है।

Ad