हल्द्वानी: खाड़ी देशों में युद्ध की खबरों के बीच गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। एडीएम विवेक राय ने बताया कि जिले में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किसी भी तरह की कोई किल्लत नहीं है। लोगों के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए डीएम नैनीताल के निर्देश पर प्रशासन, पूर्ति विभाग, गैस एजेंसियों और कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई।

एडीएम विवेक राय ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार घरेलू गैस की आपूर्ति पहली प्राथमिकता में रखी गई है और घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के लिए 25 दिन का अंतराल निर्धारित है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग न करें और सिलेंडर लेने के लिए लाइन में न लगें, क्योंकि इससे सर्वर और सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
कमर्शियल गैस सिलेंडरों को लेकर भी सरकार की गाइडलाइन लागू है। उपलब्धता के आधार पर ही कमर्शियल सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी व्यवसायिक प्रतिष्ठान द्वारा पहले लिए जाने वाले सिलेंडरों की तुलना में अब अधिक सिलेंडर तो नहीं लिए जा रहे हैं। गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, कुमाऊं मंडल विकास निगम के जीएम विजय नाथ शुक्ला समेत पूर्ति विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।