नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय ‘कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम’ का बुधवार को समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन मुख्य अतिथि IPSDR हर्मिटेज के फैकल्टी डॉ. मनोज बिष्ट मौजूद रहे।

समापन समारोह में विभिन्न राज्यों से प्रशिक्षण के लिए पहुंचे 54 सार्वजनिक पुस्तकालयाध्यक्षों को मुख्य अतिथि डॉ. मनोज बिष्ट ने प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग सार्वजनिक पुस्तकालयों की सेवाओं को आधुनिक, प्रभावी और उपयोगी बनाने के लिए करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. बिष्ट ने कहा कि बदलते दौर में सार्वजनिक पुस्तकालयों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुस्तकालयाध्यक्षों को नई तकनीकों और आधुनिक कार्यप्रणाली से जोड़ने में मददगार साबित होते हैं।
इस अवसर पर पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. युगल जोशी ने विदाई संबोधन में सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी के सहयोग की सराहना करते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक, शोधार्थी, प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।