CM ने कहा- उत्तराखंड में जनवरी में होंगे राष्ट्रीय खेल, खेलों के लिए तैयार रहें खिलाड़ी

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल जनवरी में कराने पर सहमति बनी है। इस संबंध में उनकी केंद्रीय खेल मंत्री से वार्ता हुई है। 38वें राष्ट्रीय खेल के लिए खिलाड़ी अभी से तैयारी करें।

रुद्रपुर के मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने पांचवे राज्य खेल का शुभारंभ करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड पूरी तरह तैयार है। 38वें राष्ट्रीय खेल की मेजबानी प्रदेश को मिली है। केंद्रीय खेल मंत्री से अनुरोध किया है कि इस वर्ष की जगह राष्ट्रीय खेल का आयोजन जनवरी में कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में कई वर्ष से रुकी हुई खेल नीति लागू की। 31 खिलाड़ियों को सरकारी विभागों में नियुक्ति भी दी है। मुख्यमंत्री खेल निधि में नकद धनराशि में 100 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

राज्य की सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत खेल कोटा रखा गया है। 264 करोड़ की लागत से जल्द चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कालेज का निर्माण शुरू हो जाएगा। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय बनाने के लिए भी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।