हल्द्वानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हल्द्वानी इकाई की ओर से प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 300 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एबीवीपी की राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विद्यार्थी परिषद के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि नगर मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई ने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र देते हुए ईमानदारी और पूरी लगन से अध्ययन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक डॉ. नरेंद्र ने अपने बौद्धिक संबोधन में समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए ‘पंच परिवर्तन’ के विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य के प्रति युवाओं को जागरूक किया।
एबीवीपी के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. डिगर फर्स्वाण ने भी युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रवादी विचारों और सेवा कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग संगठन मंत्री कैलाश सिंह बिष्ट, कौशल बिरखानी, सूरज रमोला, निखिल सोनकर, मनीकेत तोमर, धीरज गड़कोटी, शिप्रा बसेरा, आर्यन बेलवाल, यतिन पांडे और श्रेया पांडे समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह का समापन नगर मंत्री धीरज बिष्ट के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान अपने बच्चों की उपलब्धि पर अभिभावकों में भी खुशी देखने को मिली। उपस्थित अभिभावकों ने एबीवीपी की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह की सराहना की।