गुजरात के मोरबी इलाके में केबल पुल गिरने से 150 लोग नदी में गिरे…30 की मौत

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

गुजरात के मोरबी इलाके में माच्छू नदी में आज एक केबल पुल गिर गया। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की आशंका है। बताया जाता है कि जब पुल गिरा उस समय उस पर करीब 400 लोग थे। मौके पर बचाव कार्य जोरों से चल रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक मोरबी में आज सस्पेंशन ब्रिज गिर गया। करीब 150 लोग नदी में गिरे हैं। जिनमें 30 की मौत हो गयी। जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू चल रहा है। इस पुल को चार दिन पहले मरम्मत के बाद खोला गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त सैकड़ों की तादाद में लोग पुल पर मौजूद थे। रेस्क्यू टीमों ने कई लोगों को नदी से निकालकर अस्पताल भेज दिया है। वहीं अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। सभी लोगों को जल्द से जल्द नदी से बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं। रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते आज यहां काफी भीड़ भाड़ थी।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख जताया है। मोरबी केबल ब्रिज कई साल पहले बना एक ऐतिहासिक पुल था। मरम्मत और जीर्णोद्धार के बाद गुजराती नववर्ष के अवसर पर 26 अक्टूबर को इस पुल का उद्घाटन किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और संबंधित अधिकारियों से मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए तत्काल टीमों को लगाने की मांग की है।

उन्होंने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने को कहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुए हादसे में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए PMNRF से दो लाख रुपये की मदद राशि की घोषणा की है। प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Ad