हल्द्वानी। हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित 22वीं नेशनल मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में हल्द्वानी की तीन महिला तैराकों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर 2026 तक किया गया।

प्रतियोगिता में हल्द्वानी की निकिता सिंह, नमिता पाठक और संतोषी गुरुरानी ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में निकिता सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि नमिता पाठक और संतोषी गुरुरानी ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
बताया गया कि तीनों महिला तैराक गोलापार स्विमिंग पुल क्षेत्र में नियमित रूप से तैराकी का अभ्यास करती हैं। उनके इस प्रदर्शन को क्षेत्र में तैराकी के प्रति बढ़ते रुझान और महिला खिलाड़ियों की उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
नेशनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद तीनों खिलाड़ियों के लिए अब एक और बड़ा अवसर सामने है। 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक बेंगलुरु, कर्नाटक में एशियन मास्टर्स स्विमिंग प्रतियोगिता आयोजित होनी है, जिसमें तीनों खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की जानकारी दी गई है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेलप्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।