नैनीताल की ठंडी रोड पर अब ट्रीटमेंट के साथ ही किए जाएंगे सौन्दर्यीकरण कार्य

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

नैनीताल। नैनीताल की ठंडी रोड क्षेत्र में पाषाण देवी मंदिर के समीप पहाड़ी पर हुए भूस्खलन की रोकथाम के लिए बनाई गई डीपीआर को शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है। लेकिन अब ठंडी रोड पर पहाड़ी की रोकथाम के साथ ही सौन्दर्यीकरण कार्य भी किया जाएगा। जिससे मार्ग की खूबसूरती को बढ़ाया जा सके।

 मालूम हो कि सिंचाई विभाग की ओर से ठंडी रोड के लिए बनाई गई करीब 12 करोड़ रुपये की डीपीआर को शासन  ने स्वीकृति प्रदान की थी। लेकिन हाल ही में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि रोकथाम कार्य के साथी ठंडी रोड पर सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा जिससे मार्ग पर आने जाने वाले स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी मार्ग की खूबसूरती देखने को मिले, इसके लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सुझाव लिए जा रहे हैं कि ठंडी रोड पर किस तरह का सौंदर्यीकरण कार्य किया जाए। 

उम्मीद है कि अब जल्द ही शासन से ठंडी रोड पर हुए भूस्खलन की रोकथाम के लिए बजट जारी किया जाएगा।

मालूम हो कि ठंडी रोड पर साल 2021 में पहाड़ी पर भारी भूस्खलन हुआ था। जिससे कुमाऊं विश्वविद्यालय के केपी छात्रावास तक भूस्खलन पहुंचने पर खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए डीएम धीराज गर्ब्याल ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को पहाड़ी का उपचार करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद पहाड़ी की रोकथाम को लेकर अस्थाई उपचार शुरू किए। जिसमें लोहे के एंगल भूमिगत कर जियो बैग में कंक्रीट भरकर दीवार बनाई गई। लेकिन बरसात आने पर पहाड़ी पर भूस्खलन फिर से शुरू हो गया। जिसके बाद इसके स्थायी उपचार के लिए

सिंचाई विभाग ने आईआईटी रुड़की के सहयोग से सर्वे कार्य पूरा कर रोकथाम के लिए डीपीआर तैयार की। जिसे शासन को भेजा गया। अब बजट मिलते ही पहाड़ी की रोकथाम का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एके वर्मा ने बताया कि  करीब 12 करोड़ की डीपीआर में ठंडी रोड से सटी पहाड़ी पर झील से लगी सुरक्षा दीवार से केपी छात्रावास तक सुरक्षा कार्य किए जाने प्रस्तावित थे। जिसके तहत रिटेनिंग वॉल, वायर क्रेट्स और माइक्रो पाइलिंग का कार्य होना है। लेकिन अभी  सौन्दर्यीकरण कार्य भी किए जाने हैं, इसके लिए दोबारा से डीपीआर तैयार की जानी है, जिसमें अतिरिक्त बजट भी शामिल किया जाएगा।

Ad