राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वालों को दोगुना धनराशि, गोल्ड जीतने वाले को मिलेंगे 12 लाख

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

उत्तराखंड में आगामी 28 जनवरी से शुरू होने वाले राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाडिय़ों को सरकार निर्धारित से दोगुना धनराशि देगी। स्वर्ण पदक विजेता को 12 लाख, रजत पदक विजेता को आठ लाख और कांस्य पदक विजेताओं को छह लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसका प्रस्ताव खेल विभाग ने शासन को भेज दिया है। साथ ही राज्य खेलों में प्रथम तीन स्थान पर आने वाले खिलाडिय़ों का प्रशिक्षण शिविर 26 अक्टूबर से शुरू कराने का भी निर्णय लिया गया है।

सोमवार को विधानसभा स्थित सभागार में खेल मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खेलों के संबंध में बैठक हुई। बैठक की जानकारी देते हुए खेल मंत्री ने बताया कि राज्य खेलों में खिलाड़ी और बेहतर करने को पे्रेरित हों, इसके लिए राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को अभी तक निर्धारित राशि से दोगुना राशि दी जाएगी।

इस समय राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले को छह लाख, रजत पदक जीतने वाले को चार लाख और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी को तीन लाख रुपये दिए जाने का प्रविधान है। इस राशि को बढ़ाने के लिए वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।बैठक में अध्यक्ष उत्तराखंड ओलिंपिक संघ महेश नेगी, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा व निदेशक खेल प्रशांत आर्या समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

26 अक्टूबर से होंगे प्रशिक्षण कैंप

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 25 अक्टूबर को भारतीय ओलिंपिक संघ की बैठक में कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद 26 अक्टूबर से प्रदेश में प्रशिक्षण कैंप आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश में हाल ही में हुए राज्य खेलों में पहले तीन स्थानों पर आने वाले खिलाडिय़ों को पहले चरण में 25 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूसरे चरण में राज्य की अन्य बेहतर खेल प्रतिभाओं और दूसरे राज्यों में खेलने वाले खिलाडिय़ों को मौका दिया जाए। इसके बाद सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को राज्य की टीम में चुना जाएगा। संबंधित ओलिंपिक संघ इन खिलाडिय़ों का चयन करेंगे।