हल्द्वानी: उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू), में जुलाई सत्र 2026 की प्रवेश प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू होगी। मंगलवार को विश्वविद्यालय के अतिथि गृह सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

इस दौरान नए पाठ्यक्रमों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत लागू की गई छात्रहितैषी सुविधाओं और प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय इस सत्र में 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा और 29 प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश देगा। साथ ही डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज और मानवाधिकार प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम की शुरुआत भी की जा रही है। वहीं, BLIS और B.Ed. (ODL) में प्रवेश UGC-DEB के निर्णय के बाद शुरू होंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप अब सेमेस्टर आधारित पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को सेमेस्टरवार फीस जमा करने की सुविधा मिलेगी, जिससे एकमुश्त आर्थिक बोझ कम होगा। पाठ्यक्रम पूरा करने वाले सभी विद्यार्थी स्वतः विश्वविद्यालय के एलुमनाई के रूप में पंजीकृत होंगे और मूल्यांकन ब्लूम्स टैक्सोनॉमी के आधार पर किया जाएगा।
एमबीए, एमसीए, एमटीटीएम, बी.एड. स्पेशल एजुकेशन, एम.एड. स्पेशल एजुकेशन, बी.ए. योग (ऑनर्स) और एम.ए. योग की प्रवेश परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन भी 1 जुलाई से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।
प्रवेश के लिए DEB-ID और ABC-ID बनाना अनिवार्य होगा। साथ ही विद्यार्थियों को क्रेडिट मोबिलिटी, मल्टीपल एंट्री और मल्टीपल एग्जिट जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय के 144 शिक्षार्थी सहायता केंद्र (LSCs) छात्रों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। सैनिकों और जेल बंदियों के लिए भी विशेष सहायता केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
विद्यार्थी हित में विश्वविद्यालय ने कई शुल्क रियायतें भी दी हैं। थर्ड जेंडर विद्यार्थियों के लिए पूर्ण शुल्क माफी, बीएससी और एमएससी के प्रायोगिक विषयों में कार्यशाला शुल्क पर 30 प्रतिशत छूट तथा e-SLM विकल्प चुनने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। साथ ही ऑनलाइन प्रवेश के दौरान प्रिंट अध्ययन सामग्री चुनने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रदेश और देशभर के इच्छुक विद्यार्थियों से जुलाई सत्र 2026 में प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय की आधुनिक, सुलभ और रोजगारोन्मुख उच्च शिक्षा सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे।