उत्तराखंड : सरकार के साढ़े तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री की घोषणा,कहा- कोरोनाकाल में जारी होंगे कुंभ मेले में पास

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के साढ़े तीन साल पूरे होने पर आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव में जनता से किए 85 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं।
कहा कि 2014-17 में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने आठ परीक्षा कराईं, जिसमें 801 पदों का चयन हुआ। 2017 से 2020 तक 59 परीक्षा कराईं और छह हजार पदों पर चयन हुआ। 7200 पदों पर अधियाचन प्रक्रिया जारी है। तीन महीने में 40 हजार लोगों को मनरेगा और कैंपा में रोजगार मिलेगा।

गैरसैंण में बेनीताल गांव को एस्ट्रो विलेज बनाया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी की। ये हैं घोषणाएं । कहा कि कोरोनाकाल में कुंभ मेले में पास जारी होंगे। आयोजन पारंपरिक रूप से होगा, लेकिन श्रद्धालुओं को संख्या को सीमित रखा जाएगा। कोरोना के बढ़ते मामलों के बावजूद राज्य में लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा जहां मामले बढ़ेंगे, वहां कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा।

आलवेदर रोड परियोजना पर दो टूक कहा कि साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़कों से काम नहीं चलेगा। सेना की जरूरत के हिसाब से सड़क चौड़ी होनी चाहिए। राज्य सरकार ने केंद्र से आग्रह किया है। चारधाम देवस्थानम बोर्ड पर कहा, सोच समझकर सरकार ने फैसला लिया है। विरोध के पीछे कुछ राजनीतिक लोग हैं। कुछ का निजी स्वार्थ है। पंडा और पुरोहित समाज का बोर्ड का पूरा समर्थन है। राज्य में वैश्विक स्तर का सांइस कॉलेज खुलेगा, कॉलेज में केवल विज्ञान विषय की ही पढ़ाई होगी। फसलों को जंगली जानवरों से बचाने को प्रदेश में चार वानर रेस्क्यू सेंटर बनेंगे। नौ नवंबर तक शिलान्यास होगा। 25 हजार बंदरों को रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा।