हल्द्वानी: महिला महाविद्यालय में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग एक्सपो का आयोजन

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें


हल्द्वानी। छात्राओं को कौशल विकास तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से दिनांक 31 मार्च 2026 को इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी के प्रांगण में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग एक्सपो का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी, निदेशक उच्च शिक्षा प्रोफेसर विश्वनाथ खाली, प्रोफेसर एन. एस. बनकोटी (प्राचार्य, एम.बी.पी.जी. कॉलेज, हल्द्वानी) सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर आभा शर्मा एवं समस्त प्राध्यापकों द्वारा अतिथियों का बैज अलंकरण एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।


अपने उद्बोधन में प्राचार्य प्रोफेसर आभा शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्री दीपक रावत ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की संयोजक प्रोफेसर रश्मि पंत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा रिबन काटकर करियर एक्सपो का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली श्रीमती नीमा बिष्ट एवं श्रीमती बसंती राणा को प्रतीक चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
करियर एक्सपो में 24 प्रतिष्ठित संस्थानों/संगठनों ने स्टॉल लगाकर छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। लगभग 1000 छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम को 80% प्रतिभागियों ने उपयोगी बताया, जिससे इसकी सफलता स्पष्ट होती है।
अंत में प्राचार्य एवं आयोजन समिति की संयोजक प्रोफेसर रश्मि पंत ने सभी अतिथियों, नियोक्ताओं एवं छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विभा पांडेय (अंग्रेजी विभाग) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, शोध छात्र एवं छात्रसंघ के सदस्य उपस्थित रहे।