हल्द्वानी: नरीमन चौराहे से गौला पुल तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें


हल्द्वानी में जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में सोमवार शाम नरीमन चौराहे से गौला पुल तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा (नगर निगम हल्द्वानी) के नेतृत्व में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ किया गया। इस दौरान मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की गई।


निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड हल्द्वानी द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। मार्ग के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को शिफ्ट करने के लिए धनराशि उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के नगरीय खंड को पहले ही हस्तांतरित कर दी गई है।
सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि मंगलवार से नए विद्युत पोलों की स्थापना का कार्य शुरू किया जाए तथा शटडाउन लेकर लाइन शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा किया जाए।
मार्ग के बाईं ओर जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी जारी है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य को 20 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीवर लाइन के लिए बनाए जाने वाले पिट स्थलों का लोक निर्माण विभाग के साथ संयुक्त रूप से चिन्हीकरण करने को कहा गया है।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमरानी खंड का एक अस्थायी निर्मित डॉम हट भी हटाया जाना है। इसके लिए परियोजना प्रबंधक जमरानी खंड को 20 मार्च तक इसे डिस्मेंटल कर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मार्ग के दाहिनी ओर आने वाली अन्य बाधाओं को भी 25 मार्च तक हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्च के अंतिम सप्ताह से सड़क निर्माण के लिए लेवलिंग और ग्रेडिंग का कार्य शुरू कर दिया जाए तथा डामरीकरण सहित अन्य निर्माण कार्य अप्रैल माह तक पूरा कर लिया जाए, ताकि आगामी पर्यटक सीजन में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को चौड़ी सड़क का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता ए.के. कटारिया सहित लोक निर्माण विभाग, पावर कॉरपोरेशन, जमरानी खंड और जल निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।