हल्द्वानी के रामलीला मैदान और एमबी इंटर कॉलेज मैदान में लगेगा पटाखा बाजार, अवैध पटाखा बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा…

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

हल्द्वानी। शहर में रामलीला मैदान और एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पटाखा बाजार लगाया जाएगा। प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
शहर में हर वर्ष रामलीला मैदान में पटाखा बाजार लगाया जाता है। इस बार रामलीला मैदान में पटाखा बाजार लगाने को लेकर जबरदस्त आपत्ति थी। इसके बाद प्रशासन, पुलिस व अग्निशमन की संयुक्त टीम ने ऊंचापुल, रामलीला मैदान, कठघरिया और एमबी इंटर कॉलेज मैदान का निरीक्षण किया। टीम ने रामलीला मैदान और एमबी इंटर कॉलेज मैदान को पटाखा बाजार के लिए सबसे मुफीद पाया। इसके बाद तय हुआ कि रामलीला मैदान में पटाखा बाजार लगेगा, हालांकि अग्निशमन सुरक्षा के मानकों के अनुसार ही लगाया जाएगा।

अमूमन रामलीला मैदान में पटाखे की 50-60 दुकानें लगती हैं लेकिन मानकों के बाद इनकी संख्या घटकर आधी रह जाएंगी। नगर निगम के सहायक आयुक्त गौरव भसीन मानकों के अनुसार पटाखा बाजार का ले आउट बना रहे हैं। माना जा रहा है कि 20-25 दुकानें ही रामलीला मैदान में लगेंगी। वहीं, 50 दुकानें एमबी इंटर कॉलेज मैदान में लगाई जाएंगी।


21 से 25 अक्टूबर तक लगेगा पटाखा बाजार
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, हल्द्वानी में पटाखा बाजार 21 से 25 अक्टूबर तक लगाया जाएगा। इस लिहाज से प्रशासन ने अग्निशमन विभाग व जल संस्थान पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेंगी दुकानें
प्रशासन ने पटाखा बाजार के लिए आवेदन लेने शुरू कर दिए हैं। रामलीला मैदान के लिए नोटिस मंगलवार की देर सायं चस्पा कर दिया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद पहले आओ पहले पाओ के आधार पर पटाखा बाजार की दुकान आवंटित की जाएंगी।

सभी मानकों के अनुसार 21-25 अक्टूबर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान और रामलीला मैदान में पटाखा बाजार लगाया जाएगा। रामलीला मैदान में हर साल की अपेक्षाकृत दुकानों की संख्या कम रहेगी। पटाखा बाजार में दुकानें लगाने के लिए आवेदन लेना शुरू कर दिया है।

= ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी

== अवैध पटाखा दुकानें लगाने वालों की खैर नहीं ==
प्रशासन ने इस साल अवैध ढंग से पटाखा दुकानें लगाने वालों पर सख्ती करने का फैसला किया है। मोहल्लों, बाजारों में दुकानों के बाहर टेंट लगाकर अवैध ढंग से पटाखे की दुकान लगाने वालों की खैर नहीं होगी। प्रशासन की टीमें बाजारों, कॉलोनियों, मोहल्लों में चेकिंग करेंगी यदि पटाखे की दुकानें मिलती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Ad