खनस्यूँ: भीमताल विधानसभा का ग्रामीण क्षेत्र खनस्यूं के बच्चों और युवाओं को बेहतर शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम सभा खनस्यूँ में ‘जिये पहाड़ नागरिक पुस्तकालय’ का शुभारंभ किया गया। यह पुस्तकालय पूरी तरह निःशुल्क होगा और क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा करियर मार्गदर्शन की सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। पुस्तकालय का उद्घाटन ग्राम प्रधान विमला देवी ने किया।

इस अवसर पर जिये पहाड़ समिति के संरक्षक एवं पूर्व बीडीसी सदस्य रवि गोस्वामी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में चंद्रशेखर, ललित पलरिया, आलोक वर्मा, भावना सुयाल, अनिता परगाई, कौशल पलरिया समेत अन्य ग्रामीणों ने भी सहभागिता की। समाजसेवी रवि गोस्वामी ने बताया कि पुस्तकालय में विभिन्न कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकें, सामान्य ज्ञान की पुस्तकें, समूह ‘ग’, बैंकिंग तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में अब तक करीब 25 बच्चों का पंजीकरण हो चुका है और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। रवि गोस्वामी ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। उनका उद्देश्य है कि संसाधनों के अभाव में क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से बच्चों को पुस्तकालय से जोड़ने और इस पहल को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग, स्वरोजगार से जुड़े कोर्स, विशेष मार्गदर्शन सत्र तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल अधिकारियों, शिक्षकों और ग्राम विकास अधिकारियों की विशेष कक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर पुस्तकालय से जुड़े बच्चों में तनुज दीवान, आकाश, गुंजन, रक्षित, नवल और सृष्टि सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक और सराहनीय कदम बताया।