नैनीताल। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से प्रभावित नैनीताल के ग्रामीण क्षेत्रों थापला, जलालगांव और मंगोली का वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य ने दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर बरसात के कारण उत्पन्न हालात की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने बताया कि शुरुआती बारिश में ही क्षेत्र के संपर्क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भूस्खलन के चलते लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों और रोजगार के लिए जान जोखिम में डालकर दुर्गम रास्तों से आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत और स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद हेम आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित और विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बरसात के दौरान आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
हेम आर्य ने बताया कि क्षेत्र की प्रमुख मांग 100 मीटर ग्रामीण लिंक रोड के निर्माण को लेकर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से बातचीत की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मांग को जल्द शासन स्तर तक पहुंचाकर बजट स्वीकृत कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
इस दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक सरिता आर्या के प्रति नाराजगी भी जताई। ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले पांच वर्षों में विधायक ने क्षेत्र का दौरा नहीं किया और विकास कार्यों की ओर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। इस पर हेम आर्य ने ग्रामीणों को शांत करते हुए कहा कि सरकार मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में निरंतर जनहित के कार्य कर रही है और भविष्य में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में सीआरपी अनिता, ग्राम्य विकास विभाग की यामिनी, ग्राम प्रधान खुशाल सिंह, श्याम सिंह, मोहन सिंह, गोपाल सिंह, हेमा देवी, दीपा देवी, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।