उत्तराखंड: जेल की रामलीला में सीता माता को ढूंढने निकले वानर कैदी हुए फरार

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

रामलीला और निर्माण कार्यों का फायदा उठाकर हरिद्वार जेल से दो कैदी फरार हो गए। कैदियों की पहचान पंकज निवासी रुड़की और राजकुमार निवासी गोंडा उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पंकज हत्या के मामले में आजीवन कारावास और राजकुमार अपहरण के मामले में विचाराधीन कैदी है। बताया जा रहा है कि हरिद्वार की रोशनाबाद जेल में रावण ने माता सीता का हरण कर लिया और शुक्रवार को वानर का किरदार निभा रहे दो कैदी उन्हें तलाशने निकले, लेकिन लौट कर नहीं आए। वानर बने कैदी सीढ़ी लगाकर दीवार फांद गए। अब पुलिस उनकी तलाश में है।

पंकज प्रवीण बाल्मिकी गैंग का गुर्गा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जेल में रामलीला चल रही थी। साथ ही, कुछ निर्माण भी चल रहा था। जिसे लेकर जेल में सीढ़ी लगी हुई थी। इसी का फायदा उठाकर कैदी फरार हो गए। फिलहाल जेल प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं पुलिस दोनों कैदियों की तलाश कर रही है।

डीआइजी जेल दधिराम मौर्य ने कैदियों के फरार होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है दोनों कैदी कैसे फरार हुए। जेल में रामलीला मंचन की भी बात सामने आ रही है, जिसकी जांच की जा रही है।

दोनों कैदियों के भागने के बाद से ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के बाद से ही पुलिस दोनों कैदियों की तलाश में जुटी हुई है। अब इस मामले में अपडेट आया है, कैदियों के भागने के मामले में एक्शन लिया गया है। इस मामले में 6 कार्मिकों को निलंबित कर दिया गया है। इन कार्मिकों को ड्यूटी के प्रति बरती गयी लापरवाही एवं उदासीनता के लिए तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। साथ ही घटना की विस्तृत जांच के लिए उप महानिरीक्षक कारागार को निर्देशित किया गया है।