हल्द्वानी: दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट में नामजद दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को पुलिस ने रामपुर से किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में नामजद दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी मुकेश बोरा को यूपी से गिरफ्तार किया है। आज हल्द्वानी के बहुदेशीय भवन में पुलिस द्वारा इसका खुलासा किया गया।

दुष्कर्म व पॉक्सो के आरोपी दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा को पुलिस ने उत्तरप्रदेश के रामपुर के चक्कू चौक से गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि आरोपी बोरा सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में था। रामपुर में वह अपने अधिवक्ता से मिलने पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

बता दें कि एक सितंबर को मुकेश बोरा के खिलाफ महिला ने नौकरी पक्की करने के नाम पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसी दिन पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज किया था। दो सितंबर को मुकेश बोरा पर पॉक्सो की धारा बढ़ाई गई। पीड़ित महिला ने बेटी से छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगाया था। तभी से गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर बोरा कोर्ट गया था। कोर्ट ने याचिका निरस्त की तो वह हाईकोर्ट पहुंच गया था। 13 सितंबर को हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर सशर्त रोक लगा दी थी। 17 को गिरफ्तारी की याचिका खारिज हो गई। तब से बोरा फरार हो गया था।

दुष्कर्म और पॉक्सो के आरोपी मुकेश बोरा को पकड़ने के लिए पुलिस यूपी, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब में डेरा डाले हुए थी। पुलिस को शक था कि दुग्ध संघ में दूध देने वाले बाहरी ठेकेदार बोरा की मदद कर रहे हैं। इस कारण पुलिस इन राज्यों में पहुंची।

वहीं मीडिया के सामने मुकेश बोरा ने बयान देते हुए कहा कि उसे राजनीतकि षड्यंत्र के तहत फंसाया गया है, जो लोग उसे चुनाव में नहीं हरा पाए उन लोगों ने यह अंतिम हथकंडा अपनाकर उसका 34 वर्ष का राजनीतिक कैरियर खत्म कर दिया.. लेकिन गोलू देवता और न्यायपालिका से उम्मीद है कि उसके साथ न्याय होगा।

वीडियो-