हल्द्वानी: प्रॉपर्टी के विवाद में गला रेत कर चाची की हत्या, आरोपी भतीजा फरार

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

हल्द्वानी में नवाबी रोड स्थित कुल्यालपुरा क्षेत्र में सगे भतीजे ने चाची का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब वो घर पर अकेली थी। महिला के पति ने संपत्ति विवाद के चलते अपने ही भतीजे पर हमला करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के कुल्यालपुरा गली नंबर दो निवासी 55 वर्षीय कुसुम गुप्ता पत्नी कालीचरण के मकान में घुसकर भतीजे ने गला रेत दिया। शोर सुनकर मकान के नीचे बनी दुकान में कबाड़ी का काम करने वाले लालाराम और उनका बेटा विनोद बचाने दौड़े, लेकिन आरोपी उन्हें चाकू दिखाकर फरार हो गया। हादसे के समय कुसुम घर मे अकेली थीं। उनके पति घर का राशन लेने गए हुए थे। कबाड़ी की सूचना पर कालीचरण और पुलिस मौके पर पहुंची। यहां से घायल महिला को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला के गला, सीना, पेट और शरीर के पिछले हिस्से में चाकू के गहरे निशान हैं। वहीं कालीचरण ने अपने भतीजे पर आरोप लगाया है।

वही बताया जा रहा है कि भतीजा परिवार में चाची की दखलंदाजी से खफा था। गौरव तीन भाई हैं, तीनों तीन मंजिला मकान में रहते हैं। गौरव के हिस्से मकान का निचला तल आया, लेकिन वह इससे नाखुश था। इसको लेकर तीनों भाइयों में हमेशा विवाद होता था। इस विवाद को सुलझाने के लिए हमेश कुसुमलता अपने पति के साथ जाती थी। जितने बार भी विवाद हुए कुसुमलता ने गौरव को ही कुसूरवार ठहराया। चार दिन पहले भी विवाद पर मध्यस्थता कराई तो गौरव को ही गलत ठहराया दिया। इसी से वह खफा था। चार दिन पहले हुई मध्यस्थता के बाद से फरार गौरव सोमवार को लौटा और चाची को मार डाला।

चाची के विरोध पर उसने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गले के साथ सीना, पेट, दोनों हाथ और पुट्ठे को लहूलुहान कर डाला। चीख-पुकार सुन बचाने पहुंचे दुकानदार को भी उसने मारने की कोशिश की और फिर आराम से टहलता हुआ फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी हैं। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।